अगस्त से शुरू होगी ‘महाभारत’ की शूटिंग, नहीं दिखेंगे बड़े सितारे
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अब अपने सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘महाभारत’ पर काम शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने पुष्टि की है कि अगस्त 2025 से इसकी प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया शुरू होगी। आमिर इस प्रोजेक्ट को अपने दिल के बेहद करीब मानते हैं और इसे “रगों में बसी हुई कहानी” बताते हैं।
आमिर खान पिछले कई सालों से ‘महाभारत’ पर काम करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने हमेशा इसके साथ जुड़ी संवेदनशीलता और ज़िम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए इसे टालते रहे। अब जब वो पूरी तरह तैयार हैं, तो उन्होंने इसे अपने करियर की सबसे बड़ी चुनौती माना है।
महाभारत की विशालता को देखते हुए आमिर ने साफ किया है कि यह एक ही फिल्म में नहीं समाएगी। इसलिए इसे फिल्मों की एक पूरी सीरीज़ के रूप में बनाया जाएगा। हर भाग को अलग-अलग शूट किया जाएगा, लेकिन सभी की योजना पहले से तैयार होगी।
आमिर खान ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस प्रोजेक्ट में कोई बड़ा या फेमस अभिनेता नहीं होगा। उनकी योजना है कि सभी किरदारों को ऐसे चेहरे निभाएं जो पहले कभी स्क्रीन पर न दिखे हों। आमिर कहते हैं, “पात्र ही इस कहानी के सितारे होंगे।”
इस प्रोजेक्ट को लेकर आमिर ने एक बड़ा इशारा भी दिया है कि यह संभवतः उनके करियर की आखिरी फिल्म हो सकती है। उन्होंने कहा, “अगर मैंने यह कर लिया, तो मुझे लगेगा कि अब करने को कुछ नहीं बचा।”


